वाराणसी। काशी विद्यापीठ क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय मण्डुवाडीह में विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बाल संसद का गठन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया अपनाते हुए प्रधानमंत्री पद के लिए मतदान कराया गया। चुनाव में कक्षा 4 और 5 की छात्राओं संध्या, हेमलता, परी और काव्या ने प्रधानमंत्री पद के लिए नामांकन किया।
विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने चुनाव प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना कराई गई, जिसमें कुमारी परी को भारी मतों से विजयी घोषित किया गया। इसके साथ ही बाल संसद के अन्य पदों पर भी विद्यार्थियों का चयन किया गया।

नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री परी सहित सभी बाल सांसदों को प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने बधाई दी। प्रधानाध्यापक ने कहा कि बाल संसद बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ देने के साथ ही उनमें अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने सभी निर्वाचित विद्यार्थियों से विद्यालय के विकास और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।









