वाराणसी । नगर निगम की कार्यकारिणी में सोमवार को आयोजित उपसभापति पद के चुनाव में वार्ड संख्या 96 दशाश्वमेध के पार्षद नरसिंह दास निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके साथ ही उन्होंने चौथी बार नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति पद की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह जुलाई 2024, जुलाई 2018 और दिसंबर 2020 में भी उपसभापति रह चुके हैं।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। महापौर ने कार्यकारिणी सदस्यों से उपसभापति पद के लिए प्रस्ताव मांगा। वार्ड संख्या 28 सरायनंदन के पार्षद मदनमोहन तिवारी ने नरसिंह दास के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने समर्थन किया। इसके बाद महापौर ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

पटेल बिरादरी से आने वाले नरसिंह दास नगर निगम के वरिष्ठ एवं अनुभवी पार्षदों में गिने जाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चौथी बार उन पर भरोसा जताया है। उनकी प्राथमिकता सभी पार्षदों को साथ लेकर शहर की जनता की समस्याओं का निष्पक्ष और ईमानदारी से समाधान कराना होगी।
बैठक का संचालन संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।









