Search
Close this search box.

जर्जर बिजली तार की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

बलिया । जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार शाम करीब पांच बजे एक दर्दनाक हादसे में खेत से घर लौट रही 50 वर्षीय ममता चौबे की बिजली का एलटी तार टूटकर गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि ममता चौबे सड़क किनारे से पैदल घर लौट रही थीं, तभी अचानक जर्जर बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा और वह गंभीर रूप से झुलस गईं। सूचना मिलते ही जाम विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित एलटी लाइन का तार लंबे समय से जर्जर था और उसे बदलने के लिए कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका के पुत्र बसंत कुमार चौबे ने रसड़ा कोतवाली में तहरीर देकर जाम विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ, जेई और संबंधित लाइनमैन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग की है।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें