बलिया । जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के शिवपुर दियर में गंगा नदी के लगातार हो रहे कटान से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कटान पीड़ितों से मिलने पहुंचे। मंत्री के पहुंचते ही धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और “दयाशंकर सिंह मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
विरोध कर रहे ग्रामीणों ने मंत्री के वाहन का घेराव भी कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर मंत्री के काफिले को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा कटान से उनकी कृषि भूमि और मकान लगातार नदी में समा रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी नाराजगी के चलते मंत्री के दौरे का विरोध किया गया। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं, कटान पीड़ित अब सरकार से शीघ्र और स्थायी राहत की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







