Search
Close this search box.

महुली-फुलवार रेलवे ट्रैक पर 13 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत, पिता की भी हुई थी रेल हादसे में जान

सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली-फुलवार बॉर्डर पर सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय शिवकुमार कन्नौजिया की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। शिवकुमार ग्राम महुली निवासी स्वर्गीय दीपक कुमार कन्नौजिया का पुत्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अचानक रेलवे ट्रैक की ओर दौड़ पड़ा, तभी तेज गति से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही जीआरपी और विंढमगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने इसलिए भी लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया क्योंकि ग्रामीणों के अनुसार शिवकुमार के पिता दीपक कुमार कन्नौजिया की भी कुछ वर्ष पूर्व इसी क्षेत्र के पास रेलगाड़ी की चपेट में आने से मृत्यु हुई थी। इस दुखद संयोग ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया है। घटना के बाद मृतक के घर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

और पढ़ें