बलिया। में अपना दल (एस) के तत्वावधान में बलिया के बापू भवन टाउन हॉल सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज पटेल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल सभी जाति, धर्म और वर्गों का सम्मान करती हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने और भविष्य में अनुप्रिया पटेल को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राम लखन पटेल ने जनपद की सातों विधानसभा के पदाधिकारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत सेक्टर और बूथ स्तर के संगठन से आती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ और सेक्टर समितियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन होने के बावजूद अपना दल (एस) की राजनीतिक प्रतिष्ठा तभी बढ़ेगी जब संगठन जमीनी स्तर पर सशक्त होगा। अंत में उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बलिया की राजनीतिक जागरूकता और संघर्षशील परंपरा का उल्लेख किया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







