Search
Close this search box.

एलआईसी में निवेश के नाम पर 39 लाख रुपये की कथित ठगी, पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त से एफआईआर दर्ज कराने की मांग

वाराणसी । जनपद के जंसा थाना क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर एलआईसी पॉलिसी में निवेश कराने के नाम पर 39,07,400 रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने खुद को एलआईसी एजेंट बताकर उनसे विभिन्न किस्तों में धनराशि जमा कराई, लेकिन एलआईसी में निवेश करने के बजाय कथित रूप से फर्जी कंपनियों की रसीदें थमा दीं। उन्हें यह कहकर भरोसा दिलाया गया कि ये एलआईसी से जुड़ी कंपनियां हैं और इनमें अधिक लाभ मिलेगा।

शिकायत के अनुसार, जब निवेशकों ने मैच्योरिटी पूरी होने पर अपनी रकम मांगी तो उन्हें लगातार टालते हुए कहा गया कि समय पूरा होने पर भुगतान कर दिया जाएगा। बाद में एक अन्य एलआईसी एजेंट से रसीदों की जांच कराने पर पता चला कि वे एलआईसी की नहीं हैं। इसके बाद पीड़ितों ने आरोपियों से जवाब मांगा।

प्रार्थना पत्र में आरोप है कि 26 जुलाई 2026 को जलालपुर गांव में हुई पंचायत के दौरान आरोपियों ने साफ कहा कि कंपनी भाग गई है और अब किसी का पैसा वापस नहीं मिलेगा। विरोध करने पर कथित रूप से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी दी गई तथा दो पीड़ितों के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग भी किया गया।

पीड़ितों का यह भी आरोप है कि जंसा थाने में शिकायत देने पर पुलिस ने मामले को “हाई प्रोफाइल” बताते हुए उच्चाधिकारियों से आदेश लाने की बात कही। अब सभी पीड़ितों ने पुलिस आयुक्त से आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर धोखाधड़ी, गबन, धमकी और अन्य लागू धाराओं में निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें