वाराणसी । कमिश्नरेट पुलिस की साइबर क्राइम सेल और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रदेशव्यापी ‘Cy-Vazra’ अभियान के तहत मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहे फर्जी महिला कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने विध्यवासिनी नगर कॉलोनी, अर्दली बाजार स्थित कार्यालय से संचालिका समेत कुल 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों पर देशभर में साइबर ठगी की 10 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी विभिन्न समाचार पत्रों में विवाह योग्य युवक-युवतियों के नाम से आकर्षक लेकिन फर्जी विज्ञापन प्रकाशित कराते थे। इच्छुक लोगों से संपर्क होने पर खुद को Shubhmatrimonial का प्रतिनिधि बताकर लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन के नाम पर पंजीकरण शुल्क व अन्य रकम जमा कराई जाती थी। भुगतान के बाद न तो वैवाहिक जानकारी उपलब्ध कराई जाती थी और न ही रकम लौटाई जाती थी, बल्कि शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।
जांच में कार्यालय के रजिस्टर से पता चला कि गिरोह ने करीब 600 से 700 लोगों को अपना शिकार बनाया और लगभग 10 लाख रुपये की ठगी की। मौके से 27 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, तीन चेकबुक, एक पासबुक, पांच डेबिट कार्ड, तीन क्यूआर कोड, पेमेंट साउंड बॉक्स, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कैंट थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।







