वाराणसी । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह के दौरान एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को नई गति प्रदान की। उन्होंने 14 से 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगवाने के बाद स्वयं प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

राज्यपाल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने वाला सुरक्षित और प्रभावी सुरक्षा कवच है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें और समय पर अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बेटियां ही स्वस्थ परिवार, समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। साथ ही समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं से इस अभियान में सहयोग देने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आराध्या शाह, अदिति कुमारी, मिहिका, रोशनी पटेल, शबनम खातून और पलक सहित कई बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कमिश्नर सभागार में 155 तथा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 96 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार का यह अभियान 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की सभी पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।








