Search
Close this search box.

बरेका में अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, 51 प्रतिभागियों ने दिखाया ज्ञान का दम

वाराणसी। 28 जुलाई 2026 रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को राजभाषा विभाग द्वारा अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी रामजन्म चौबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता का उद्देश्य रेलवे बोर्ड स्तर पर आयोजित होने वाली अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए बरेका के प्रतिभागियों का चयन करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी भाषा, राजभाषा नीति और सामान्य ज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता में कुल 51 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हिंदी माध्यम में आयोजित इस प्रतियोगिता में रेलवे, हिंदी भाषा एवं साहित्य, राजभाषा तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी अब रेलवे बोर्ड द्वारा आयोजित अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बरेका का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस आयोजन ने न केवल हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दिया, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों में राजभाषा के प्रति रुचि और प्रतिबद्धता को भी मजबूत किया।

Leave a Comment

और पढ़ें