वाराणसी। 28 जुलाई 2026 मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन में वाराणसी मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ “बचपन बचाओ अभियान” के तहत मानव तस्करी की रोकथाम और भटके हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य लगातार कर रही है। इसी अभियान के तहत 27 जुलाई को छपरा जंक्शन पर आरपीएफ की सतर्कता से 10 वर्षीय निखिल कुमार पटेल को सकुशल उसके परिवार से मिलाया गया।
ड्यूटी उपनिरीक्षक विशाल पाली और सीआईबी आरपीएफ के आरक्षी दिलीप कुमार स्टेशन पर गश्त के दौरान एक सहमे हुए बालक को अकेला बैठे देख उसके बारे में जानकारी ली। पूछताछ में पता चला कि वह हाजीपुर से गलती से ट्रेन में चढ़ गया था और नींद खुलने पर खुद को छपरा जंक्शन पर पाया।
आरपीएफ ने बालक द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर उसके परिजनों से तत्काल संपर्क किया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की मौजूदगी में सभी आवश्यक सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बालक को उसकी माता किरण कुमारी के सुपुर्द कर दिया गया। इस संवेदनशील कार्रवाई की परिजनों ने सराहना करते हुए आरपीएफ का आभार व्यक्त किया।








