वाराणसी । सावन मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर का निरीक्षण कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, साफ-सफाई, शौचालय एवं पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
साथ ही यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि सावन के दौरान आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने भगवान मार्कण्डेय महादेव के दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया।

मंदिर के मुख्य पुजारी मुन्ना गुरु ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर सावन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। निरीक्षण के दौरान मुन्ना गुरु, लालू गिरी, अजय गिरी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।









