Search
Close this search box.

नाबालिग के अपहरण मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता पहले ही सकुशल बरामद

बलिया। थाना फेफना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। इससे पहले पुलिस पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर चुकी थी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को पीड़िता के भाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन को रवि राजभर निवासी सुल्तानपुर (पक्काकोट), थाना फेफना बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में थाना फेफना में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके बयान दर्ज किए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 भी बढ़ाई गई।

शनिवार सुबह थाना फेफना पुलिस टीम फेफना तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिहाचौर मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर रवि राजभर (20) को गिरफ्तार कर लिया।

आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र नाथ, कांस्टेबल विक्की यादव तथा रिजर्व कांस्टेबल गोविंद प्रजापति शामिल रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें