चन्दौली । दुलहीपुर जीटी रोड पर चल रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य आम लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क के एक हिस्से का निर्माण पूरा कर दिया, जबकि दूसरा हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। लगातार बारिश के चलते अधूरे हिस्से में जलभराव हो गया है और सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। पानी से ढके गड्ढों के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थिति यह है कि अधिकांश वाहन चालक पानी भरे हिस्से से बचने के लिए एक ही लेन का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसके कारण प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है। सावन माह में इसी मार्ग से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए गुजर रहे हैं, जिन्हें भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं, फिर भी सड़क की बदहाल स्थिति पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने तथा अधूरा सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि संभावित बड़े हादसे को टाला जा सके और आमजन को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।








