ऑपरेशन,,Cy-Vazra,, के तहत वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई 1.25 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा
वाराणसी। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान ऑपरेशन “Cy-Vazra” के तहत वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में निवेश से लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। जनपदीय साइबर क्राइम सेल, प्रतिबिंब टीम और थाना भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कॉल सेंटर संचालक सहित कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 11 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह द्वारा लोगों को शेयर बाजार में ट्रेडिंग के टिप्स देने और बेहतर मुनाफा दिलाने का लालच देकर सब्सक्रिप्शन व अकाउंट हैंडलिंग के नाम पर रुपये वसूले जाते थे। अब तक करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है।
फर्जी दस्तावेज के सहारे चल रहा था ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपी शेयर मार्केट में रुचि रखने वाले लोगों का डाटा जुटाकर कॉल सेंटर के माध्यम से संपर्क करते थे। खुद को एनकेडी एंड एसोसिएट्स नामक सेबी रजिस्टर्ड फर्म से जुड़ा बताकर कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद निवेशकों से विभिन्न बैंक खातों के क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी के माध्यम से सब्सक्रिप्शन राशि मंगाई जाती थी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के पास से 55 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, तीन फर्जी आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
भेलूपुर में दर्ज हुआ मुकदमा, जांच जारी
थाना भेलूपुर में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य आरोपी अंबर सिंह मौर्या अभी वांछित है।
इस कार्रवाई में साइबर क्राइम सेल प्रभारी मनोज कुमार तिवारी सहित टीम के अधिकारियों और थाना भेलूपुर प्रभारी दुर्गा सिंह समेत पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, लिंक और खातों में पैसा भेजने से पहले पूरी जांच अवश्य करें।








