वाराणसी । कचहरी परिसर के विस्तारीकरण की मांग को लेकर लहरतारा–बौलिया क्षेत्र में अधिवक्ताओं ने विशाल धरना-प्रदर्शन कर जोरदार हुंकार भरी। आंदोलन का नेतृत्व दी बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल एडवोकेट ने किया। इस दौरान अमर दीप सिंह, आलोक सिंह, संजय पांडेय ‘बबलू’, बनारस बार एसोसिएशन के संरक्षक अखिलेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
धरने को संबोधित करते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि वर्तमान कचहरी परिसर में स्थान की भारी कमी है, जिससे नए अधिवक्ताओं को चैंबर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से कचहरी परिसर का शीघ्र विस्तार कर नए एवं पुराने अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त चैंबर, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, मेडिक्लेम बीमा तथा अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि आए दिन वकीलों पर जानलेवा हमले हो रहे हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून आवश्यक है।
वक्ताओं ने सुझाव दिया कि बनारस क्लब, कमिश्नर आवास और राइफल क्लब की भूमि को कचहरी परिसर से जोड़कर इसका विस्तार किया जा सकता है। उनका कहना था कि यह व्यवस्था अंग्रेजों के समय की है, जिसे वर्तमान आवश्यकताओं के अनुसार बदला जाना चाहिए। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि कचहरी परिसर के विस्तारीकरण तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्टिंग अशोक कुमार गुप्ता।



