वाराणसी । सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि 5 अगस्त से शहर के 55 प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन सुबह 5:30 से 6:30 बजे तक पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से शिवस्रोत का प्रसारण होगा, जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक वातावरण बनेगा।
सावन, सफाई और श्रद्धालुओं पर विशेष फोकस

नगर निगम ने सभी मंदिर परिसरों को प्लास्टिक मुक्त रखने, कांवड़ यात्रियों के लिए 24 घंटे निःशुल्क सार्वजनिक शौचालय, विश्राम स्थलों की व्यवस्था तथा शौचालयों पर रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।

गंगा और वरुणा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राहत शिविरों में पेयजल, भोजन, बिस्तर और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में वॉटर हार्वेस्टिंग, नाला सफाई, पंचक्रोशी मार्ग से अतिक्रमण हटाने, पार्कों के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
कार्यकारिणी ने 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक लागू होने वाली ओटीएस योजना को भी स्वीकृति दी, जिसके तहत गृहकर, जलकर और सीवरकर के मूल बकाये पर 100 प्रतिशत ब्याज व सरचार्ज माफ होगा। औद्योगिक और पर्यटन इकाइयों के लिए नई संपत्ति कर व्यवस्था लागू करने का भी निर्णय लिया गया।







