गाजीपुर। जनपद के मरदह थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कोरल पेट्रोलिंग गश्ती दल के कर्मचारी पवन कुशवाहा के परिवार को कंपनी की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कोरल एंड शिवा कंपनी तथा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कार्यरत टोल कर्मचारियों के सहयोग से मृतक की पत्नी रूबी कुशवाहा को ₹5,01,112 की सहायता राशि सौंपी गई। गौरतलब है कि 21 जुलाई की देर रात एक्सप्रेसवे के 310 किलोमीटर प्वाइंट पर गश्त के दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने गश्ती वाहन को टक्कर मार दी थी।
हादसे में पवन कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी भानु प्रताप सिंह मामूली रूप से घायल हुए थे। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सहायता राशि के अलावा परिवार को पीएफ, ईएसआई बीमा क्लेम सहित सभी नियमानुसार देय लाभ दिए जाएंगे।
साथ ही परिवार के एक योग्य सदस्य को कंपनी में नौकरी भी दी जाएगी। इस अवसर पर एजीएम मनोज यादव, जीएम प्रमोद यादव, मैनेजर मुकेश कुमार सहित कंपनी के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









