चन्दौली । जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में दुलहीपुर चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों की लगातार दबिश और सघन तलाश अभियान के बाद पुलिस ने मामले के दो मुख्य आरोपियों, सगे भाइयों प्रिंस सोनकर उर्फ विराट सोनकर और अमरजीत सोनकर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए कई पुलिस टीमों का गठन किया और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कराई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश तेज की गई। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते दोनों आरोपी आखिरकार गिरफ्त में आ गए।
गौरतलब है कि सावन माह के दौरान प्रशासनिक आदेश के तहत मीट एवं मुर्गा दुकानों पर नोटिस तामील कराने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया था, जिसमें दुलहीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह घायल हो गए थे।
आरोप है कि हमलावरों ने एक सिपाही की वर्दी भी फाड़ दी और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से मारपीट की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।









