चन्दौली। /पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर। अगस्त क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर न्यू ग्लोबल रिसर्च फाउंडेशन, चन्दौली की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। संस्था द्वारा पिछले पांच वर्षों से आयोजित की जा रही इस यात्रा में इस बार भी सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान पृथ्वी के साथ-साथ आसमान में भी तिरंगा लहराता नजर आया, जबकि करीब 200 मीटर लंबे तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
यात्रा का शुभारंभ पूर्व सैन्य जवानों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इससे पूर्व संस्था के महामंत्री डॉ. विकास गर्ग ने पूर्व सैनिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को तिरंगा अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए कई लोग भावुक हो उठे।
तिरंगा यात्रा तनिष्क मुगलसराय से शुरू होकर जीटी रोड होते हुए नगर भ्रमण कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची, जहां राष्ट्रीय ध्वज के समक्ष यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान रेल प्रशासन एवं रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों की उपस्थिति रही। उपस्थित अधिकारियों को भी तिरंगा अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।

यात्रा को विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं मीडिया संस्थाओं ने समर्थन दिया। कार्यक्रम में चंद्रभूषण मिश्रा कौशिक, विकास गर्ग, मनोज कुमार पाठक, दानिश परवेज, डॉ. अलिफ राजा, डॉ. सतीश चौहान, डॉ. अनिल कुमार शर्मा, डॉ. ओपी सिंह, डॉ. राज यादव, डॉ. मनीष सिंह, संजय राय सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे। संचालन संजय शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक चंद्रभूषण मिश्रा कौशिक ने किया।








