वाराणसी । यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अधिकारियों के साथ बनारस–हंडिया खास रेलखंड पर विभिन्न समपारों का गहन संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान समपार संख्या 10/C, 11/B1, 14B/C, 15C, 35C, 36/C, 37C, 37AC, 42/AC, 45C, 46AC एवं 49AC का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण में समपारों की साफ-सफाई, साइनेज, सड़क की स्थिति, गेटमैन के PME, स्लाइडिंग बूम, चाबी हस्तांतरण प्रक्रिया सहित विभिन्न संरक्षा मानकों की जांच की गई। साथ ही गेटमैन के लिए प्रकाश, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का भी जायजा लिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने गेटमैन से संरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए उनका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कमी या लापरवाही की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए। अधिकारियों को समपारों की सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य एवं सजगता के लिए गेटमैन को पुरस्कार राशि देकर प्रोत्साहित किया गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय आयुष कुमार सिंह, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं संरक्षा पर्यवेक्षक मौजूद रहे।








