वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में आयोजित महिला फुटबॉल लीग के सीनियर वर्ग के फाइनल में बरेका फुटबॉल नर्सरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुमायूं हीरोज को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में आयोजित इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ अनुराग कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। निर्णायक क्षण में प्रीति यादव ने शानदार मूव को गोल में बदलकर बरेका फुटबॉल नर्सरी को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद कुमायूं हीरोज ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन बरेका की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने सफलता नहीं मिली।

अंतिम सीटी बजते ही बरेका की खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजेता टीम की ओर से प्रीति यादव, अंजलि यादव और रिया ने प्रभावी प्रदर्शन किया। समापन समारोह में अनुराग कुमार गुप्ता और राजेश कुमार ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।








