वाराणसी । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर गोंड समाज एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में विशाल महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जनजातीय समुदाय के लोगों ने प्रकृति पूजा एवं आदिवासी परंपराओं के अनुसार की। इसके बाद विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक झांकियां निकाली गईं।
झांकी को मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं समाजसेवी कैलाशनाथ सोनकर तथा प्रदेश अध्यक्ष सुशु सिंह मरावी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। झांकी मेला कॉलेज, विकास प्राधिकरण, सर्किट हाउस, जिला मुख्यालय, गोलघर और कचहरी होते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां माल्यार्पण किया गया।
इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2026 के लिए निर्धारित विषय “आदिवासी अधिकारों को सम्मान: जीवन और कल्याण की रक्षा” पर वक्ताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने आदिवासी समाज के अधिकार, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक विकास पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में गोंड समाज के जिला अध्यक्ष विनोद शाह मरकाम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में प्रो. रजनीश गोंड, अनूप श्रमिक, प्रो. प्रतिमा गोंड सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









