गाजीपुर। 10 अगस्त अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहम्मदाबाद और नोनहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान किडनैपिंग मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया।पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। तिवारीपुर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवक बाइक से भागने लगे।

पुलिस ने घेराबंदी की तो गौसपुर हवाई पट्टी के पास दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया। उसकी पहचान विजयी पुत्र छोटेलाल (34), निवासी बढ़ईपुरा, मोहम्मदाबाद के रूप में हुई। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने विजयी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस तथा अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।






