वाराणसी । 11 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बनारस रेलवे स्टेशन पर 10 अगस्त को भव्य देशभक्ति बैंड प्रदर्शन आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम ने स्टेशन परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बनारस की ओर से प्लेटफार्म संख्या-8 स्थित सेल्फी प्वाइंट यात्री हॉल में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक कार्यक्रम हुआ। रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर से आए बैंड दल ने ‘वन्दे मातरम्’, ‘जहां डाल-डाल पर चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा’ और ‘दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ सहित कई देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
मधुर धुनों से पूरा स्टेशन परिसर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत हो उठा। यात्रियों, विदेशी पर्यटकों, रेल कर्मचारियों, आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस के जवानों ने तालियों से बैंड दल का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में सहायक सुरक्षा आयुक्त/छपरा अजय कुमार मुख्य अतिथि तथा प्रभारी निरीक्षक मडुआडीह अजय राज वर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। आरपीएफ पोस्ट बनारस प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।







