वाराणसी। 12 अगस्त 2026 राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वाराणसी मंडल में राष्ट्रप्रेम और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डीआरएम आशीष जैन ने रेलकर्मियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मंडल के सभी विभागों, स्टेशनों और यूनिटों में तिरंगा वितरण के साथ रेलवे परिसरों को तिरंगा लाइटों से सजाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, शपथ, नुक्कड़ नाटक, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर तिरंगे के साथ फोटो व सेल्फी साझा कर अभियान को व्यापक बनाने का प्रयास भी जारी है।
डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। रेलकर्मियों ने ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश देते हुए ध्वज संहिता के पालन का संकल्प लिया।








