वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोहता भट्टी स्थित ड्रीम लाइट पब्लिक स्कूल से स्कूली बच्चों ने भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली में बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयकारे लगाते हुए बच्चे उत्साहपूर्वक आगे बढ़े।
रैली का आयोजन स्कूल के संस्थापक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वाराणसी कन्हैया लाल गुप्ता, प्रधानाचार्य घनश्याम प्रजापति तथा डायरेक्टर प्रदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। विद्यालय परिसर से निकली रैली ने लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सुखदेव और राजगुरु सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को आजादी दिलाई। आज हमारा देश स्वतंत्र है और इस स्वतंत्रता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। बच्चों ने राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया।
रिपोर्टिंग अशोक कुमार गुप्ता।








