बलिया । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने कैंप कार्यालय एवं पुलिस लाइन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्य, निष्ठा और ईमानदारी के साथ दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। जिले के विभिन्न क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों पर ध्वजारोहण कर मिष्ठान वितरित किया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा बलिया के 7 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 17 को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। वहीं पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा 2 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह तथा शौर्य के आधार पर 2 पुलिसकर्मियों को रजत प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाओले 42 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला, संजय वर्मा, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, सर्विलांस, आईजीआरएस, स्वाट टीम, महिला सहायता प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया सेल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।


समारोह में अभियोजन अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों से जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए पूरी ईमानदारी एवं समर्पण से कार्य करने का आह्वान किया।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








