बलिया । थाना दोकटी क्षेत्र के रामपुर वाजिदपुर दलन छपरा गांव में 15 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे 22 वर्षीय सोनू यादव पुत्र विनोद यादव पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। गोली लगने से घायल सोनू को परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में घायल युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। साथ ही उसने घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने की बात बताई। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना दोकटी पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।




