Search
Close this search box.

कलेक्ट्रेट में शान से फहराया तिरंगा, डीएम ने दिलाया देश की एकता और अखंडता का संकल्प

बलिया । 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और ‘वंदे मातरम’ का गायन हुआ।

डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी लाखों वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में बलिया के वीर सपूत मंगल पांडेय के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बलिया की धरती का स्वतंत्रता आंदोलन में विशेष योगदान रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग साहस व त्याग, सफेद शांति तथा हरा रंग विकास और समृद्धि का संदेश देता है। अशोक चक्र निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने तथा देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को सम्मानित किया गया। बाद में डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें