Search
Close this search box.

वाराणसी मंडल में मनाया गया सद्भावना दिवस, डीआरएम आशीष जैन ने दिलाई एकता और सौहार्द की शपथ

वाराणसी। 20 अगस्त पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में गुरुवार को सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म और भाषा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना देशवासियों की भावनात्मक एकता एवं सद्भावना के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि सभी प्रकार के मतभेदों को हिंसा का सहारा लिए बिना बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाया जाएगा। इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, शांति और भाईचारे को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को सद्भावना दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, शांति, सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और साम्प्रदायिक सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना है।

Leave a Comment

और पढ़ें