शक्तिनगर। शक्तिनगर से बनारस जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण शुक्रवार को एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के चलते आए दिन भारी वाहन फंस रहे हैं। ट्रेलर, हाइवा और अन्य भारी वाहनों के पलटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके अलावा दोपहिया और छोटे वाहनों से गुजरने वाले कई राहगीर भी चोटिल हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर दुद्धी एसडीएम मोहम्मद जाफिर मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मामले में उच्च अधिकारियों से जानकारी लेकर सड़क की समस्या के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने सड़क की मरम्मत जल्द कराने की बात कही।
मौके पर मीडिया प्रभारी रितेश शर्मा ने एसडीएम मोहम्मद जाफिर का बयान लिया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने रखा। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।






