Search
Close this search box.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में नगर निगम का विशेष स्वच्छता अभियान, बीमारी रोकने को जल निकासी और फागिंग पर जोर

वाराणसी । गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बाद बाढ़ प्रभावित और तटीय क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए नगर निगम ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को कोनिया वार्ड के बैतरणी कुंड और धोबी घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और जल निकासी का जायजा लिया।

नगर आयुक्त ने बैतरणी कुंड के शीघ्र सुंदरीकरण और पूरे परिसर की गहन सफाई कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर जलभराव समाप्त करने के लिए पंप लगाने, सीवर लाइनों की तत्काल सफाई कराने तथा मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए नियमित फागिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि रात में स्थानीय नागरिकों को परेशानी न हो। नगर निगम का फोकस बाढ़ के बाद जलजनित और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम पर है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद अमर देव, जोनल अधिकारी पवन कुमार, अवर अभियंता सुखपाल, स्वास्थ्य निरीक्षक पवन श्रीवास्तव और आलोक विभाग के इंजीनियर हरीश मिश्रा सहित निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें