वाराणसी । श्रेया हत्याकांड में वांछित आरोपी पुनीत मिश्रा निवासी मऊ को राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर का असलहा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान स्पलेंडर बाइक सवार एक अन्य आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बताया गया कि एमएससी छात्रा श्रेया की हत्या की वारदात में पुनीत मिश्रा की भूमिका सामने आई है। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों को लाखों रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और उन्हें दिए गए कथित आर्थिक लालच की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
घायल आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम उसके अन्य फरार साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।






