मिर्जापुर । छानबे क्षेत्र के बिहसड़ा कलां में विजयपुर-भारतगंज मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। पीडब्ल्यूडी की इस सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव होने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत का ठेका दिए जाने के बावजूद ठेकेदार द्वारा सड़क पर पर्याप्त गिट्टी नहीं बिछाई जा रही है, जिसके कारण बारिश का पानी गड्ढों में भर जा रहा है।
जलभराव के कारण सड़क पर मौजूद गड्ढे दिखाई नहीं देते और दोपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की बदहाली किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की है।

लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर मानक के अनुरूप गिट्टी डालकर जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।






