वाराणसी । नगर निगम क्षेत्र में पशु कल्याण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को ऐढ़े गौशाला और खुशहाल नगर के पीछे निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को चिकित्सा व्यवस्था मजबूत करने और निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

ऐढ़े गौशाला में वर्तमान में कच्चे शेल्टर में संचालित पशु चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक पशु अस्पताल के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। अस्पताल में आम नागरिक अपने पालतू पशुओं का भी उपचार करा सकेंगे। पशुओं के आवागमन के लिए मैजिक वाहन उपलब्ध कराने तथा परिसर में इंटरलॉकिंग और ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए गए।

गर्मी से गौवंश को राहत देने के लिए टीन शेड के नीचे पर्याप्त पंखे लगाने और परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए बाउंड्री वॉल के किनारे पौधरोपण कराने को कहा गया। वहीं, खुशहाल नगर स्थित सीनियर केयर सेंटर तक बुजुर्गों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराने का आदेश दिया गया।

नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की स्पष्ट हिदायत दी।






