बलिया । राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार झा ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने सुलह योग्य एवं लंबित मामलों का त्वरित और कम खर्च में समाधान कराने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं।
आगामी 12 सितंबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार वाहन जिले की सभी तहसीलों में भ्रमण करेगा। इस दौरान आमजन को लोक अदालत की उपयोगिता और यहां मिलने वाले सुलभ एवं त्वरित न्याय की जानकारी दी जाएगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत में जुर्माने से दंडनीय अपराध, पारिवारिक एवं भूमि विवाद, बिजली-टेलीफोन बिल, टैक्स, चेक बाउंस तथा सुलह योग्य फौजदारी मामलों सहित विभिन्न मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जा सकता है।
इससे पक्षकारों का समय और धन दोनों बचता है।इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








