Search
Close this search box.

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

वाराणसी । जनपद के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं भुगतान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।

जननी सुरक्षा योजना के तहत 12,744 लाभार्थियों को भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई। वाराणसी प्रदेश में छठे स्थान पर है। डीएम ने लंबित भुगतानों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

‘नमो शक्ति रथ’ से हो रही स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र महिलाओं की जांच कराने तथा संदिग्ध मामलों में आवश्यक जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड रैंकिंग में वाराणसी पांचवें स्थान पर है। डीएम ने प्रदर्शन में और सुधार के लिए निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। टीकाकरण में कम प्रगति वाले क्षेत्रों की ग्राम सभा और सब-सेंटर स्तर तक समीक्षा करने तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।

जननी सुरक्षा योजना में 290 आशा कार्यकर्ताओं द्वारा कोई प्रसव न कराए जाने पर डीएम ने संबंधित कार्यकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में टीबी मुक्त भारत, बाल स्वास्थ्य, कृमि मुक्ति एवं गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की भी समीक्षा हुई।

Leave a Comment

और पढ़ें