बलिया । रसड़ा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम सभा खड़सरा स्थित अनुसूचित बस्ती में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाबदान और बरसात का गंदा पानी सड़क पर बहने से आवागमन बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नाली निर्माण की मांग को लेकर ब्लाक अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलजमाव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण आवश्यक है।
बस्ती निवासी संजय कुमार, मुकेश कुमार, मुन्ना राम, पुरुषोत्तम, कूदन राम, राजू कुमार और आकाश कुमार आदि ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नाली निर्माण कर जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीण तहसील और ब्लाक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।




