Search
Close this search box.

प्रयागराज रामबाग स्टेशन का अपर महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश


वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंह के साथ प्रयागराज रामबाग स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं रनिंग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में अपर महाप्रबंधक ने प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, यात्री आरक्षण केंद्र, पैदल उपरिगामी पुल, लिफ्ट, वॉटर कूलर, यात्री शेड, यात्री बेंच तथा यार्ड सुधार से जुड़े चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने प्रयागराज रामबाग स्थित रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने रनिंग स्टाफ को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, मेस में भोजन की गुणवत्ता, विश्राम कक्ष, योग कक्ष, शुद्ध पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने रनिंग रूम के सर्कुलेटिंग एरिया में बंद पड़े फव्वारे को पुनः चालू कराने तथा व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियरिंग आयुष कुमार सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, सहायक मंडल इंजीनियर (लाइन) मुक्ता सिंह, सहायक परिचालन प्रबंधक एस. के. राय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें