बलिया । वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में शासन की विभिन्न पर्यावरणीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी श्री पृथ्वीराज के.एस.बी. ने बताया कि इस वर्ष “मिशन छाया”, “वंदे मातरम वाटिका”, “महर्षि चरक औषधि वन”, “समरस वन”, “समृद्धि वन”, “कपि वन”, “ऊर्जा वन”, “अविरल धारा वृक्षारोपण” और “ग्रीन चौपाल” जैसे विशेष अभियान चलाए जाएंगे। हीट वेव से बचाव के लिए पीपल, बरगद, पाकड़, नीम, आम व कदम्ब जैसे छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा। वहीं स्वतंत्रता दिवस पर “वंदे मातरम वाटिका” के अंतर्गत 150 पौधों की विशेष वाटिका विकसित होगी।
बैठक में किसानों की आय बढ़ाने हेतु कृषि वानिकी आधारित “समृद्धि वन”, बंदरों के उत्पात को नियंत्रित करने के लिए “कपि वन” तथा ऊर्जा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए “ऊर्जा वन” स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। गंगा एक्सप्रेस-वे की दोनों पटरियों पर 5.50 लाख पौधे लगाने तथा नदियों के किनारे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का लक्ष्य तय किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शीघ्र भूमि चिन्हांकन कर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






