सिकंदरपुर में आयोजकों संग हुईं बैठक
बलिया । जनपद में आगामी महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने थाना सिकंदरपुर में जुलूस आयोजकों के साथ बैठक की। बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आयोजकों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने और उनके समाधान का भरोसा दिया।

रुट निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश,
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महावीरी झंडा जुलूस के सभी प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा पुलिस द्वारा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह, एसडीएम सिकंदरपुर, प्रभारी निरीक्षक मूलचंद्र चौरसिया सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








