Search
Close this search box.

रेल संरक्षा जागरूकता अभियान: समपार फाटक और रेलवे ट्रैक पर सुरक्षित व्यवहार का दिया संदेश

वाराणसी । मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड के ज्ञानपुर–झूँसी खंड पर व्यापक रेल संरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को रेल सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित रेल संचालन में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था।

समपार फाटक व विद्यालय में किया गया जागरूक।

हंडियाखांस–रामनाथपुर के बीच स्थित समपार संख्या 56/C पर ग्रामीणों और सड़क उपयोगकर्ताओं को बंद फाटक के नीचे या किनारे से पार न करने, गेटमैन पर दबाव न बनाने तथा रेलवे ट्रैक पर पशु न ले जाने की सलाह दी गई। वहीं समपार के समीप स्थित विद्यालयों में “शिक्षा अदालत” कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश से बचने, चलती ट्रेन पर चढ़ने-उतरने का प्रयास न करने तथा सुरक्षित रेल यात्रा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान रेल संरक्षा संदेशों वाले पंपलेट, झोले और डायरी भी वितरित किए गए। रेल प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि समपार फाटक बंद होने पर धैर्य रखें और केवल अधिकृत स्थानों से ही रेलवे ट्रैक पार करें। कार्यक्रम में संरक्षा सलाहकार बी.के. सिंह, विकास कुमार भारती तथा यातायात निरीक्षक/संरक्षा अविनाश कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की।

Leave a Comment

और पढ़ें