Search
Close this search box.

स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, बिना फिटनेस-परमिट वाहन संचालन पर रोक के निर्देश

मीरजापुर। 07 जुलाई 2026 परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के अनुमोदन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बताया कि जिले में कई विद्यालय समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कर रहे हैं।

वर्तमान में 48 स्कूल वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र तथा 63 वाहनों का परमिट लंबित है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्राचार्यों को निर्देश दिए कि बिना वैध फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक प्रपत्रों के कोई भी स्कूल वाहन संचालित न किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन कराया जाए तथा केवल वैध ड्राइविंग लाइसेंस धारकों से ही वाहन संचालित कराए जाएं।

यदि किसी चालक या परिचालक के विरुद्ध विद्यार्थियों की शिकायत प्राप्त होती है तो उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने विद्यालयों को विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं सुगम परिवहन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजीव, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टिंग मीरजापुर बसंत कुमार गुप्ता।

Leave a Comment

और पढ़ें