गाजीपुर। जनपद के मनिहारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा चकदाऊत में लाखों रुपये की लागत से बन रहे श्मशान घाट निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में सरकारी मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और घटिया सामग्री का प्रयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण में सफेद बालू, कमजोर ईंट और तीन सूत सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार यदि इसी तरह कार्य जारी रहा तो श्मशान घाट भविष्य में कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान देवमति देवी, ग्राम सचिव श्रवण कुमार और ठेकेदार की मिलीभगत से यह निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कागजों में बेहतर कार्य दिखाकर वास्तविक निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। मामले को लेकर जब ग्राम सचिव श्रवण कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यदि जांच में घटिया सामग्री या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित भुगतान रोक दिया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी कई मामलों में जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई। अब लोगों की निगाह प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराकर मानक के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और जनता को टिकाऊ सुविधा मिल सके।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








