बलिया । थाना बाँसडीह पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई के तहत गुरुवार को 12 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
जानकारी के मुताबिक, थाना परिसर में जनसुनवाई के दौरान मैरीटार गांव में रास्ता और नाली विवाद, जानपुर मुडियारी में टीन शेड लगाने को लेकर विवाद तथा अछूही गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और मारपीट की स्थिति बनने लगी, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति को देखते हुए उपनिरीक्षक अनूप कुमार एवं पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की और उन्हें सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनूप कुमार, कांस्टेबल संतोष यादव, कांस्टेबल प्रमोद कुमार तथा महिला पीआरडी पूनम शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







