वाराणसी । काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने अपने कार्यरत कर्मचारियों, उनके आश्रितों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने वाराणसी स्थित एपेक्स हॉस्पिटल के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत सीजीएचएस पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
केंद्रीय रजिस्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की उपस्थिति में कुलसचिव राजन श्रीवास्तव और एपेक्स हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देवेन्द्र सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एपेक्स हॉस्पिटल पहले से ही आईआईटी बीएचयू, महामना कैंसर संस्थान बीएचयू और होमी भाभा कैंसर अस्पताल के कर्मचारियों को कैशलेस उपचार सुविधा प्रदान कर रहा है।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि बीएचयू चिकित्सा संस्थान के पूर्व छात्र होने के नाते विश्वविद्यालय परिवार की सेवा करना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और सहज चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता रहेगी।






