वाराणसी । के फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड में गोमती जोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीसीपी गोमती जोन नीतू काद्दयान और एडिशनल डीसीपी नृपेंद्र कुमार के निर्देशन में पुलिस ने फरार हत्यारोपियों को संरक्षण देने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
बताया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में मनीष सिंह की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नीतू काद्दयान ने पुलिस टीम को अपराधियों के साथ-साथ उन्हें शरण देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुखबिर की सूचना पर फूलपुर पुलिस ने घमहापुर क्षेत्र से किशन कुमार, आशीष कुमार, अजय कुमार, प्रदीप भारद्वाज और शिव मोहन राजभर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्त फरार आरोपियों को छिपने की जगह और अन्य सहायता उपलब्ध करा रहे थे।
डीसीपी नीतू काद्दयान ने कहा कि अपराधियों को बचाने वालों को भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








