वाराणसी । जनपद के रामनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की टीवीएस एक्सएल-100 मोपेड, फर्जी नंबर प्लेट, एक कीपैड मोबाइल फोन तथा ₹3,50,160 नकद बरामद किए हैं। आरोपी काफी समय से चोरी के एक मामले में वांछित चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर दबिश आरोपी गिरफतार
पुलिस के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल के साथ विश्वमित्र नगर कॉलोनी के पीछे खड़ा है और भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम (40 वर्ष) निवासी सुजाबाद, थाना रामनगर तथा मूल निवासी फेस-1, वीडीए कॉलोनी, चांदमारी, थाना शिवपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोपेड, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में पहले से चोरी का मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है ।








