Search
Close this search box.

बलिया में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आगाज़, 39.02 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा

बलिया । विकास खंड दुबहड़ के ग्राम विशुनपुरा (प्रतापपुर कला) स्थित श्री गरीबनाथ महादेव मंदिर परिसर में रविवार को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, वन विभाग के नोडल अधिकारी नीतीश कुमार सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधे लगाए। कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया तथा जिलाधिकारी ने परिवहन मंत्री को स्मृति चिन्ह, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।

परिवहन मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत पूरे प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि जनपद बलिया में 39 लाख 2 हजार 300 पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अब तक लगभग 250 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। सड़क निर्माण और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं के दौरान कटे पेड़ों की भरपाई के लिए सरकार दोगुने पौधे लगाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी बच्चों की तरह देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाई तथा वन विभाग ने अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें